ChhattisgarhStateNews

कवर्धा के कामठी गांव में विवाद, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी कार्यकर्ताओं ने हटाया दुर्गा पंडाल; क्षेत्र में तनाव

कवर्धा। जिले के कामठी गांव में रविवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) के कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के बीच विवाद हो गया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने गांव में लगे दुर्गा पंडाल को उखाड़ दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में झड़प की स्थिति बन गई। इस दौरान कई लोग घायल हुए, जिनमें हिन्दू समुदाय के लोग और कुछ पुलिसकर्मी भी शामिल हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को काबू में करने की कोशिश की। लेकिन पंडाल तोड़े जाने की घटना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पंडाल कई वर्षों से परंपरा के तहत लगाया जाता रहा है। वहीं, गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि यह पंडाल बिना अनुमति के लगाया गया था, जिसे हटाने की मांग की जा रही थी। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस ने स्थिति बिगड़ते देख अतिरिक्त बल बुलाया और गांव में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल है और लोगों में दहशत का असर दिखाई दे रहा है। जिला प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है। साथ ही, घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कही गई है।

Related Articles

Back to top button