ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

आरंग को 128 करोड़ की विकास सौगात: CM साय बोले- सुशासन, विकास और जनकल्याण हमारी सरकार की पहचान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर जिले के आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण ही राज्य सरकार की पहचान है तथा सरकार का लक्ष्य विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में ग्राम रीवा में करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नयन की घोषणा की।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है। उन्होंने कहा कि 18 लाख गरीब परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। भ्रष्टाचार और अपराध के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के साथ प्रशासन को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि किसानों के लिए खाद-बीज की पर्याप्त व्यवस्था की गई है और सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाया, सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिल वितरित की और मिशन उत्कर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button