जशपुर में रौतिया समाज को 1 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात: CM साय ने समाज भवन और अखरा का किया लोकार्पण, स्थायी मंच-बाउंड्रीवॉल बनाने की घोषणा

जशपुर। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रौतिया समाज को एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी।
उन्होंने 50-50 लाख रुपए की लागत से बने अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन और अखरा का लोकार्पण किया। समाज की मांग पर भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा भी की।
महोत्सव में समाज के लोगों ने पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से मुख्यमंत्री का स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में कलाकारों की प्रस्तुतियों ने आयोजन को लोकसंस्कृति के रंगों से भर दिया।
नई पीढ़ी को परंपराओं से जोड़ेगा समाज भवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे बना समाज भवन सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। इससे नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जुड़ने का अवसर मिलेगा। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और युवाओं को आधुनिक अवसरों से जोड़ने की अपील की।
महतारी वंदन की 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ से ज्यादा दिए
सीएम ने सरकार के तीन साल के कामकाज का उल्लेख करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना की 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपए से अधिक महिलाओं के खातों में भेजे गए हैं। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र शुरू किए गए हैं। रामलला दर्शन योजना में 55 हजार से अधिक और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना में 10 हजार से ज्यादा श्रद्धालु लाभान्वित हुए हैं।
गांवों तक पहुंच रहीं डिजिटल सेवाएं
मुख्यमंत्री ने बताया कि हेल्पलाइन 1076 से 8 हजार से अधिक अधिकारी जुड़े हैं। सेवा सेतु के जरिए 900 से अधिक सेवाएं मिल रही हैं और 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।





