ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शिक्षक से विधायक बने दीपेश साहू की आज सामूहिक विवाह में शादी, सीएम सहित बीजेपी नेता होंगे शामिल

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू रविवार को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में विवाह बंधन में बंधेंगे।

वे बीपीएल परिवार से आने वाली तरुणा साहू के साथ सात फेरे लेंगे। इस शादी की खास बात यह है कि विधायक ने योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि को अपने पास रखने के बजाय मेधावी छात्राओं की शिक्षा पर खर्च करने का निर्णय लिया है।

दीपेश साहू का जन्म 23 जनवरी 1988 को हुआ था। उन्होंने राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर (एमए) की पढ़ाई की है। राजनीति में आने से पहले वे करीब 10 वर्षों तक सरकारी स्कूल में शिक्षक रहे।

वर्ष 2018 में उन्होंने भाजपा का दामन थामा और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं। 2024 के विधानसभा चुनाव में वे पहली बार बेमेतरा से विधायक चुने गए।

वहीं उनकी होने वाली पत्नी तरुणा साहू दुर्ग जिले की धमधा तहसील के बिरोदा गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने एमए तक शिक्षा प्राप्त की है।

उनके पिता देवनारायण साहू पेशे से ड्राइवर हैं, जबकि माता मालती साहू गृहिणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार बेमेतरा में निवास करता है।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कुल 21 जोड़े विवाह करेंगे, जिनमें विधायक दीपेश साहू और तरुणा साहू भी शामिल हैं। विभाग के अनुसार दोनों का पंजीयन योजना के नियमों के तहत किया गया है।

शादी को लेकर क्षेत्र में खासा उत्साह है। विधायक की बारात पारंपरिक बैलगाड़ी से निकलेगी, जिससे स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण परंपराओं को बढ़ावा मिलेगा।

समारोह में सीएम विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसके अलावा कई मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधियों के भी कार्यक्रम में पहुंचने की संभावना है।

हालांकि इस विवाह को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने योजना की पात्रता को लेकर सवाल उठाए हैं, जबकि भाजपा इसे विधायक का व्यक्तिगत निर्णय और सामाजिक संदेश देने वाला कदम बता रही है।

Related Articles

Back to top button