दीपक चाहर के 3 बैट चोरी, वीडियो जारी कर बोले- वापस कर दो, पैसे भी दूंगा

आगरा। भारतीय क्रिकेटर दीपक चाहर के आगरा स्थित चाहर डावर ग्राउंड से तीन प्लेयर एडिशन बैट चोरी हो गए। इन तीनों बैट की कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपए बताई जा रही है। घटना के बाद दीपक चाहर ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर बैट वापस करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बैट लौटाने वाले को वह इसके बदले पैसे देने के लिए भी तैयार हैं।
जानकारी के मुताबिक, दीपक चाहर शनिवार शाम अरतौनी स्थित चाहर डावर ग्राउंड में अभ्यास करने पहुंचे थे। यह ग्राउंड उनके पिता और कोच लोकेंद्र चाहर द्वारा संचालित किया जाता है। अभ्यास के दौरान चाहर ने अपनी क्रिकेट किट एक तरफ रखी और गेंदबाजी करने लगे।
करीब एक घंटे बाद जब वह बल्लेबाजी की प्रैक्टिस के लिए लौटे और अपने बैट लेने पहुंचे तो तीनों बैट गायब मिले। आसपास तलाश करने के बावजूद उनका पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी सामने आई।
तीनों बैट प्लेयर एडिशन
दीपक चाहर ने वीडियो में बताया कि चोरी हुए तीनों बैट प्लेयर एडिशन हैं और उनकी कुल कीमत करीब 1.5 लाख रुपए है। उन्होंने कहा कि संभव है कि बैट ले जाने वाले व्यक्ति को इनकी वास्तविक कीमत के बारे में जानकारी नहीं हो।
चाहर ने अपील करते हुए कहा कि बैट वापस कर दिए जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि यदि बैट ले जाने वाले व्यक्ति को पैसों की जरूरत थी तो वह उनसे पैसे मांग सकता था।
पुलिस में शिकायत की बात
वायरल वीडियो में दीपक चाहर ने पुलिस में शिकायत करने की बात भी कही। उन्होंने चोर से सीधे बैट वापस करने की अपील की है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फिलहाल बैट बरामद होने या पुलिस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर चाहर का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।





