रायपुर में गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी के खिलाफ कांग्रेस का अनूठा प्रदर्शन

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज गैस सिलेंडर की बेतहाशा बढ़ती कीमतों और बाजार में व्याप्त कालाबाजारी के खिलाफ राजनीति गर्मा गई। शहर कांग्रेस के मार्गदर्शन में ब्लॉक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रायपुर के प्रसिद्ध तेलीबांधा तालाब (मरीन ड्राइव) पर एक अनोखा और उग्र विरोध प्रदर्शन किया।
तेलीबांधा तालाब में किया ‘सिलेंडर विसर्जन’
बढ़ती महंगाई से त्रस्त जनता की आवाज बुलंद करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से गैस सिलेंडर का तालाब में विसर्जन किया। कार्यकर्ताओं का कहना था कि रसोई गैस अब आम आदमी की पहुंच से बाहर हो चुकी है, इसलिए इसे ‘विदाई’ देना ही एकमात्र रास्ता बचा है। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रशासनिक विफलता पर सवाल उठाए।
प्रदर्शन में प्रमुख उपस्थिति
इस विरोध प्रदर्शन में सुजीत सिंह, अजीत कुकरेजा, हीरेंद्र देवांगन, अविनय दुबे सहित महेंद्र कुमार सेन, वेंकट कुमार, मंगल सिंह और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस की कीमतों में कमी और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र बनाया जाएगा।





