विक्रम-1 की सफल उड़ान पर सीएम साय ने दी बधाई, बोले- आत्मनिर्भर भारत की ऐतिहासिक उपलब्धि

निजी अंतरिक्ष क्षेत्र को बढ़ावा देने की नीतियों से वैश्विक पहचान बना रहा भारत
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्काईरूट एयरोस्पेस द्वारा विकसित भारत के पहले निजी कक्षीय प्रक्षेपण यान विक्रम-1 के सफल प्रक्षेपण पर खुशी जताते हुए इसे देश के अंतरिक्ष इतिहास की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि यह सफलता भारत की बढ़ती वैज्ञानिक क्षमता, नवाचार और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प का सशक्त प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में अंतरिक्ष क्षेत्र में किए गए व्यापक सुधारों और निजी क्षेत्र को प्रोत्साहन देने वाली नीतियों का सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहा है। इन प्रयासों की बदौलत भारत वैश्विक अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि विक्रम-1 का सफल प्रक्षेपण केवल एक तकनीकी उपलब्धि नहीं, बल्कि देश के युवाओं, वैज्ञानिकों और स्टार्टअप इकोसिस्टम की प्रतिभा, नवाचार और आत्मविश्वास का भी प्रमाण है। इससे अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की क्षमता और अधिक मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने स्काईरूट एयरोस्पेस की पूरी टीम, वैज्ञानिकों और इस मिशन से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह उपलब्धि भविष्य में भारत को अंतरिक्ष अनुसंधान, उपग्रह प्रक्षेपण और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में विज्ञान, तकनीक और नवाचार की महत्वपूर्ण भूमिका है। विक्रम-1 की सफलता इसी दिशा में एक बड़ा कदम है, जो देश के युवाओं को नए सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगा।





