मध्यप्रदेश
MP: चोरों को ढूंढने वाले स्निफर डॉग को ही चुरा ले गए चोर, जर्मन शेफर्ड के गायब होने की ये दलील दे रहे हैं अफसर

ओरछा। एमपी के ओरछा शहर से खोजी कुत्ते की चोरी हो गई। अब पुलिस महंगे जर्मन शेफर्ड की तलाश में जुटी है। पुलिस के डॉग मास्टर का कहना है कि वह पटाखे की आवाज से ऐसा डरा कि उसकी नजरों से दूर हुआ और फिर अभी तक वापस नहीं लौटा।
जानकारी के मुताबिक मध्य प्रदेश के टूरिस्ट टाउन ओरछा से राज्य पुलिस के खोजी कुत्ते को ही चोर चुरा ले गए हैं। रविवार को यह जानकारी मध्य प्रदेश पुलिस ने खुद दी है। शिकायत के मुताबिक मध्य प्रदेश के इस खोजी कुत्ते को चार लोग एक एसयूवी से उठाकर ले गए हैं। यह चोरी एक मंदिर के पीछे से तब हुई, जब दावे के मुताबिक पटाखे की आवाज सुनकर डर के मारे विदेशी नस्ल का यह कुत्ता अपने हैंडलर के हाथ से छूटकर भाग गया था। इस संबंध में एक शिकायत दर्ज की गई है और इस कुत्ते को जल्द बरामद कर लिया जाएगा।