ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

नागपंचमी पर बगिया के फलेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे मुख्यमंत्री: परिवार के साथ किया रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

रायपुर। सावन मास और नागपंचमी के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को अपने गृहग्राम बगिया स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में परिवार के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।

मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी कौशल्या साय और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ विधि-विधान से रुद्राभिषेक कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मैनी नदी के तट पर स्थित श्री फलेश्वरनाथ महादेव मंदिर में 17 से 19 अगस्त तक एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और पूजन का विशेष धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री और उनकी पत्नी ने श्रद्धालुओं के साथ पार्थिव शिवलिंग का निर्माण किया और भगवान शिव का अभिषेक किया। इस दौरान मंदिर परिसर वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को नागपंचमी और सावन मास की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान भोलेनाथ लोकमंगल और कल्याण के प्रतीक हैं। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा प्रदेश के प्रत्येक परिवार पर बनी रहे और किसानों के खेत-खलिहान समृद्ध हों।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति और आस्था का गहरा संबंध है। नदियां, जंगल, पर्वत और जीव-जगत हमारी परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। सावन का महीना हमें प्रकृति संरक्षण, सेवा और लोककल्याण का संदेश देता है।

तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन को लेकर बगिया और आसपास के क्षेत्रों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर पार्थिव शिवलिंग का निर्माण कर रहे हैं और भगवान शिव की आराधना में शामिल हो रहे हैं।

आयोजन के दौरान पूजन, अभिषेक, आरती, पूर्णाहुति और प्रसाद वितरण जैसे विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। 19 अगस्त को विशेष पूर्णाहुति के साथ इस धार्मिक अनुष्ठान का समापन होगा।

एक लाख 11 हजार 111 पार्थिव शिवलिंग के निर्माण और सामूहिक पूजन के माध्यम से प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और लोककल्याण का संकल्प लिया गया है। इस आयोजन ने बगिया को शिवभक्ति और आध्यात्मिक चेतना का केंद्र बना दिया है।

Related Articles

Back to top button