मुख्यमंत्री साय ने पद्मश्री फुलबासन यादव से फोन पर की चर्चा, जाना हालचाल

त्वरित पुलिस कार्रवाई पर जताया संतोष, दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
रायपुर। पद्मश्री से सम्मानित वरिष्ठ समाजसेवी फुलबासन यादव के साथ हुई अप्रिय घटना को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गंभीरता से लिया है। मुख्यमंत्री ने बुधवार सुबह स्वयं दूरभाष पर उनसे बात कर उनका हालचाल जाना और घटना की पूरी जानकारी ली।
मुख्यमंत्री साय ने बातचीत के दौरान भरोसा दिलाया कि मामले की हर पहलू से गहन जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए हैं, ताकि ऐसे मामलों में त्वरित न्याय सुनिश्चित हो सके।
वहीं, पद्मश्री फुलबासन यादव ने घटना के बाद पुलिस द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने मुख्यमंत्री और पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें पूरा सहयोग मिला है और कार्रवाई भी तेजी से की जा रही है।
सरकार ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी नागरिक के साथ हुई ऐसी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





