StateNewsदेश - विदेश

इंडियन ऑयल ने कहा- महिला सिलेंडर नहीं उठा सकती, अब 12 लाख देगा

दिल्ली। नई दिल्ली में सुप्रीम कोर्ट ने करीब 38 साल पुराने नौकरी से जुड़े मामले में योग्य महिला उम्मीदवार सुमित्रा के पक्ष में फैसला सुनाया है। कोर्ट ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) को उन्हें 12 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया है। महिला अब सेवानिवृत्ति की उम्र तक पहुंच चुकी हैं, इसलिए अदालत ने नौकरी देने के बजाय मुआवजे का निर्देश दिया।

सुमित्रा हरियाणा के गुढ़ा गांव की रहने वाली हैं। साल 1988 में उनका नाम उन 49 उम्मीदवारों की सूची में था, जिनकी सिफारिश डिप्टी कमिश्नर की अध्यक्षता वाली समिति ने आईओसी के एलपीजी बॉटलिंग प्लांट में नियुक्ति के लिए की थी। उन्होंने खलासी, चपरासी या रीफिलिंग हेल्पर के पद के लिए इंटरव्यू दिया था।

दूसरे उम्मीदवारों को मिला नियुक्ति पत्र

सुमित्रा के मुताबिक इंटरव्यू के बाद अन्य उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र दे दिया गया, लेकिन उन्हें नौकरी नहीं दी गई। उन्होंने इस फैसले को ट्रायल कोर्ट में चुनौती दी। ट्रायल कोर्ट ने माना कि वह निर्धारित योग्यता पूरी करती थीं। एक गवाह के बयान के आधार पर यह भी सामने आया कि महिला होने के कारण उन्हें नियुक्ति नहीं मिली थी।

इसके बाद आईओसी ने फैसले के खिलाफ अपील की। 6 अगस्त 1993 को प्रथम अपीलीय अदालत ने ट्रायल कोर्ट का फैसला पलट दिया। मामला आगे हरियाणा हाईकोर्ट होते हुए सुप्रीम कोर्ट पहुंचा।

कोर्ट ने पूछा- क्या महिलाएं सिलेंडर नहीं उठातीं?

सुप्रीम कोर्ट में आईओसी की ओर से दलील दी गई कि काम में भारी एलपीजी सिलेंडर उठाने पड़ते हैं और रात की शिफ्ट भी होती है। इस पर कोर्ट ने सवाल किया कि क्या महिलाएं घरों में गैस सिलेंडर नहीं उठातीं?

जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि केवल महिला होने के आधार पर नौकरी से वंचित करना महिला गरिमा के खिलाफ है। चूंकि अब सुमित्रा को नियुक्ति देने का व्यावहारिक अवसर नहीं है, इसलिए कोर्ट ने आईओसी को 12 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया।

Related Articles

Back to top button