ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बच्चों के विकास के लिए देश का पहला वेलफेयर फ्रेमवर्क बना रहा छत्तीसगढ़, बस्तर-सरगुजा पर रहेगा फोकस

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए देश में अपनी तरह का पहला बाल कल्याण फ्रेमवर्क तैयार किया जा रहा है। राज्य नीति आयोग और यूनिसेफ की संयुक्त पहल का उद्देश्य बच्चों से जुड़ी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाना और जरूरत के अनुसार बजट उपलब्ध कराना है। विकसित छत्तीसगढ़ @2047 के लक्ष्य के तहत तैयार हो रहे इस फ्रेमवर्क में बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

नवा रायपुर स्थित राज्य नीति आयोग में उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा की अध्यक्षता में इस संबंध में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें यूनिसेफ के वैश्विक और राष्ट्रीय विशेषज्ञों के साथ विभिन्न विभागों के सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में बच्चों के विकास से जुड़े आंकड़ों, विभागीय समन्वय और परिणाम आधारित बजट पर चर्चा हुई।

97 लाख बच्चे बनेंगे विकसित छत्तीसगढ़ की ताकत

मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के 97 लाख से अधिक बच्चे वर्ष 2047 में राज्य के कुशल मानव संसाधन होंगे। बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण देकर ही विकसित छत्तीसगढ़ का सपना पूरा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाना जरूरी है कि कौन से बच्चे विकास की मुख्यधारा से पीछे हैं और सरकारी योजनाओं का लाभ उन तक पहुंच रहा है या नहीं।

दो सूचकांकों से मापेंगे विकास

फ्रेमवर्क में दो प्रमुख सूचकांक शामिल होंगे। पहला परिणाम सूचकांक बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और समग्र विकास की स्थिति बताएगा। दूसरा सेवा प्राप्ति सूचकांक यह आकलन करेगा कि बच्चों को उनकी उम्र और जरूरत के अनुसार जरूरी सेवाएं मिल रही हैं या नहीं। पहले इसे एक जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू किया जाएगा।

यूनिसेफ विशेषज्ञों ने मैक्सिको, मलेशिया और अन्य देशों के अनुभव साझा किए। वित्त विभाग की विशेष सचिव शीतल शाश्वत वर्मा ने कहा कि इससे बच्चों के लिए आवंटित बजट का जरूरत के मुताबिक उपयोग सुनिश्चित होगा। 12 से अधिक विभागों के समन्वय से तैयार होने वाला यह फ्रेमवर्क योजनाओं की निगरानी और मूल्यांकन में भी मदद करेगा।

Related Articles

Back to top button