ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

लोकतंत्र की पाठशाला बना नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी

युवा संसद में डॉ. रमन सिंह बने अध्यक्ष और बच्चे बने सांसद, लोकहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

रायपुर। बालोद जिले के ग्राम दुधली में आयोजित नेशनल रोवर–रेंजर जंबूरी का तीसरा दिन लोकतांत्रिक चेतना और भावी नेतृत्व के निर्माण को समर्पित रहा।

जंबूरी परिसर उस समय लोकतंत्र की सजीव पाठशाला में तब्दील हो गया, जब यूथ पार्लियामेंट का आयोजन हुआ। इस विशेष सत्र में रोवर–रेंजरों ने सांसदों की भूमिका निभाई, वहीं विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका का निर्वहन किया। युवाओं ने शिक्षा, पर्यावरण, रोजगार और सामाजिक सरोकारों जैसे लोकहित के विषयों पर गंभीर और मर्यादित चर्चा की।

डॉ. रमन सिंह ने युवा संसद की सराहना करते हुए कहा कि जिस आत्मविश्वास, अनुशासन और विषयगत समझ के साथ रोवर–रेंजरों ने अपनी भूमिका निभाई, उससे देश के उज्ज्वल भविष्य की झलक मिलती है। आज के युवा ही कल के जनप्रतिनिधि हैं और ऐसे मंच उनके भीतर लोकतांत्रिक मूल्यों तथा जिम्मेदार नागरिकता की मजबूत नींव रखते हैं।

इस अवसर पर स्कूली शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, भारतीय स्काउट–गाइड के मुख्य राष्ट्रीय आयुक्त डॉ. के.के. खंडेलवाल, राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा, जिला मुख्य आयुक्त राकेश यादव, कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, रोवर–रेंजर और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

जंबूरी का तीसरा दिन सीख, सेवा और साहस से भरपूर रहा। प्रातः जागरण, शारीरिक जांच और फ्लैग सेरेमनी के साथ अनुशासन का संदेश दिया गया। डॉग शो, मार्चपास्ट, स्वच्छ भारत से जुड़ी प्रतियोगिताओं में युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आदिवासी संस्कृति पर आधारित वेशभूषा, पारंपरिक व्यंजन, लोकनृत्य और लोकवाद्य प्रस्तुतियों ने सबका मन मोह लिया। साथ ही हॉर्स राइडिंग, बाइक रेस, वाटर एक्टिविटी, वृक्षारोपण, आपदा प्रबंधन अभ्यास, नाइट हाईक और इंटरनेशनल नाइट जैसे कार्यक्रमों ने जंबूरी को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।

Related Articles

Back to top button