ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 20.14 लाख हेक्टेयर में बोनी पूरी: किसानों को 7.78 लाख मीट्रिक टन खाद और 3.62 लाख क्विंटल बीज मिला, 41% लक्ष्य हासिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन 2026 के तहत खेती-किसानी का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। कृषि विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 20.14 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी, अरहर, मूंग, मूंगफली, तिल और रामतिल समेत विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह निर्धारित 48.69 लाख हेक्टेयर लक्ष्य का करीब 41 प्रतिशत है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती के लिए हर संभव सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से कहा है कि किसानों की मांग के अनुरूप प्रमाणित खाद और बीज की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारी पूरे अभियान की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

कृषि विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक किसानों को 7.78 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 3.62 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए जा चुके हैं। खरीफ सीजन के लिए 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य रखा गया है, जबकि 4.56 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया था। अब तक कुल लक्ष्य का लगभग 71 प्रतिशत बीज किसानों तक पहुंच चुका है।

उधर, उर्वरकों की उपलब्धता भी पर्याप्त बताई गई है। इस सीजन में 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले 13.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया गया, जिनमें से 7.78 लाख मीट्रिक टन का वितरण हो चुका है। यह लक्ष्य का करीब 57 प्रतिशत है।

मौसम की बात करें तो 9 जुलाई 2026 तक राज्य में औसतन 248.9 मिमी बारिश दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश की सामान्य वार्षिक औसत वर्षा 1246.3 मिमी है। कृषि विभाग ने खाद-बीज वितरण में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी सहकारी समितियों और बिक्री केंद्रों में पर्याप्त भंडारण बनाए रखने तथा नियमित निगरानी करने को कहा गया है।

Related Articles

Back to top button