StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

सलमान खान के नए लुक पर चर्चा: दुबले दिखने पर फैंस को हुई चिंता, एक्टर ने तस्वीरें शेयर कर पूछा- ‘आप लोगों की तबीयत कैसी है?’

SRA इवेंट का वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुई चर्चा, सोशल मीडिया पर मिले सपोर्ट और ट्रोलिंग दोनों

मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान इन दिनों अपने नए लुक को लेकर चर्चा में हैं। मुंबई में स्लम रिहैबिलिटेशन अथॉरिटी (SRA) के एक कार्यक्रम में शामिल होने के दौरान उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें वह पहले की तुलना में काफी दुबले नजर आए। इसके बाद फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई, जबकि कुछ सोशल मीडिया यूजर्स ने उन्हें ट्रोल भी किया।

इन चर्चाओं के बीच रविवार देर रात सलमान खान ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, “आप लोगों की तबीयत कैसी है?” नई तस्वीरों में सलमान पहले वायरल वीडियो की तुलना में अधिक फिट और आत्मविश्वास से भरे नजर आए। इसी दौरान उनका एक और वीडियो भी सामने आया, जिसमें वह पहले से बेहतर दिख रहे हैं, हालांकि उनकी आंखों के आसपास हल्की थकान नजर आई।

दरअसल, सलमान शुक्रवार को मुंबई स्थित SRA कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने अथॉरिटी के नए डेटा कलेक्शन एंड वेरिफिकेशन सपोर्ट सेंटर (आईटी सर्वर रूम) का उद्घाटन किया और लाभार्थियों को नए घरों की चाबियां भी सौंपीं। कार्यक्रम में उनके साथ बॉडीगार्ड शेरा भी मौजूद थे।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद कई फैंस ने उनकी सेहत को लेकर चिंता जताई। एक यूजर ने लिखा कि सलमान बीमार लग रहे हैं और भगवान उन्हें स्वस्थ रखे। वहीं, कुछ लोगों ने उनकी आंखों में थकान और चलने के अंदाज को लेकर भी टिप्पणी की। दूसरी ओर कई फैंस ने उनका समर्थन करते हुए कहा कि सलमान ने अपनी उम्र और वास्तविक व्यक्तित्व को बिना किसी दिखावे के स्वीकार किया है।

वर्कफ्रंट की बात करें तो सलमान खान जल्द फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ में नजर आएंगे। हाल ही में फिल्म के सेंसर सर्टिफिकेशन को लेकर आई अटकलों पर सलमान खान फिल्म्स ने स्पष्ट किया था कि फिल्म को अभी तक CBFC के पास प्रमाणन के लिए भेजा ही नहीं गया है।

Related Articles

Back to top button