छत्तीसगढ़ में अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट: एक महीने पहले बना पुल बहा, कई गांवों का संपर्क टूटा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून फिर सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग ने प्रदेश के मध्य और उत्तरी हिस्सों में अगले 48 घंटे तक गरज-चमक के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
कई इलाकों में बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है। लगातार बारिश के चलते कई जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है।
सूरजपुर जिले में गोबरी नदी पर बना रपटा पुल तेज बहाव में टूट गया। ग्रामीणों का दावा है कि यह पुल करीब एक महीने पहले ही बनाया गया था।
पुल टूटने से डबरीपारा, बासापारा, शिवप्रसाद नगर समेत दर्जनों गांवों का जिला मुख्यालय और नेशनल हाईवे-43 से संपर्क पूरी तरह कट गया है। लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, मुंगेली जिले में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण मनियारी और आगर नदियां उफान पर हैं।
मनियारी नदी पर स्थित कारीडोंगरी पुल पूरी तरह पानी में डूब गया है। इससे लोरमी ब्लॉक के करीब 20 गांवों का सीधा संपर्क टूट गया है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने पुल के दोनों ओर बैरिकेडिंग कर आवाजाही पर रोक लगा दी है।
जिले के सभी छोटे-बड़े बांध भी लबालब भर चुके हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। राहत एवं बचाव दल को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इससे पहले जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा में कर्रा नाला जलाशय का एक हिस्सा तेज बारिश के कारण बह गया था।
एहतियात के तौर पर 125 लोगों को सुरक्षित राहत शिविरों में पहुंचाया गया।
वहीं, बिलासपुर में लगातार बारिश से नेशनल हाईवे-49 पर कई जगह 4 से 5 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।





