BRO फंड में गड़बड़ी का मामला: CBI की 11 राज्यों में 26 ठिकानों पर छापेमारी, लेफ्टिनेंट कर्नल-मेजर समेत 10 आरोपी

दिल्ली। सीमा सड़क संगठन (BRO) के फंड में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की। जांच एजेंसी ने 11 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 26 ठिकानों पर छापेमारी की। इस मामले में CBI ने 4 अलग-अलग एफआईआर दर्ज की हैं, जिनमें लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर रैंक के अधिकारियों समेत 10 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
CBI के अनुसार, यह मामला लद्दाख में BRO के प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट योजक से जुड़ा हुआ है। आरोप है कि इन परियोजनाओं में कैजुअल मजदूरों की नियुक्ति और भुगतान प्रक्रिया में बड़े स्तर पर अनियमितताएं की गईं। जांच एजेंसी को आशंका है कि फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान कर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
छापेमारी की कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नगालैंड में की गई। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कई दस्तावेज और अन्य महत्वपूर्ण सामग्री मिलने की संभावना है, जिनकी जांच की जा रही है।
CBI ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक साजिश और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोप लगाए हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत भी कार्रवाई की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कथित अनियमितताओं में किन-किन अधिकारियों और निजी व्यक्तियों की भूमिका रही है।
BRO देश के सीमावर्ती और दुर्गम इलाकों में सड़कों, पुलों और अन्य बुनियादी ढांचे के निर्माण का काम करता है। लद्दाख जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में चल रही परियोजनाओं से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल CBI की जांच जारी है और छापेमारी के दौरान मिले सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।





