400 रुपए नहीं दिए तो पैर में प्लास्टर की जगह लगा दिया कार्डबोर्ड, फोटो वायरल होने के बाद सफाई कर्मचारी सस्पेंड

कल्याण। महाराष्ट्र के कल्याण स्थित नगर निगम संचालित रुक्मिणीबाई अस्पताल से स्वास्थ्य व्यवस्था को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल के एक सफाई कर्मचारी ने मरीज के परिजनों से प्लास्टर सामग्री के नाम पर 400 रुपए की मांग की। जब परिजनों ने पैसे देने से इनकार कर दिया तो मरीज के टूटे हुए पैर में प्लास्टर लगाने के बजाय कार्डबोर्ड का टुकड़ा लगाकर उसे सहारा दे दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब मरीज के पैर में लगाए गए कार्डबोर्ड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने अस्पताल प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। मामला बढ़ने के बाद कल्याण-डोंबिवली नगर निगम (केडीएमसी) ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सफाई कर्मचारी को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, 54 वर्षीय एक व्यक्ति गुरुवार शाम करीब 4 बजे बाएं पैर में चोट लगने के बाद रुक्मिणीबाई अस्पताल पहुंचा था। जांच के दौरान डॉक्टरों ने मरीज के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की और उसे प्लास्टर लगाने की सलाह दी। इसके बाद इलाज की प्रक्रिया शुरू हुई।
मरीज के परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल के एक कर्मचारी ने प्लास्टर सामग्री उपलब्ध कराने के लिए 400 रुपए की मांग की। जब उन्होंने पैसे देने से मना कर दिया तो मरीज के पैर में प्लास्टर लगाने के बजाय कार्डबोर्ड का टुकड़ा बांध दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि मरीजों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अवैध वसूली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नगर निगम प्रशासन अब यह भी जांच कर रहा है कि अस्पताल में प्लास्टर सामग्री उपलब्ध थी या नहीं। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस घटना में किसी अन्य कर्मचारी की भी भूमिका थी या नहीं। फिलहाल, मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के संकेत दिए गए हैं।





