StateNewsदेश - विदेश

IGI एयरपोर्ट पर 1.04 करोड़ रुपए का गांजा जब्त: बैंकॉक से आई महिला यात्री गिरफ्तार, ट्रॉली बैग में छिपाकर लाई थी करीब 3 किलो ड्रग्स

दिल्ली। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग ने ड्रग्स तस्करी के मामले में एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है। महिला बैंकॉक से अपने ट्रॉली बैग में करीब 3 किलो संदिग्ध गांजा छिपाकर लाई थी। जब्त किए गए गांजे की अनुमानित कीमत 1.04 करोड़ रुपए बताई गई है। अधिकारियों ने महिला को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

सीमा शुल्क अधिकारियों के मुताबिक, महिला 30 अक्टूबर को बैंकॉक से दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पहुंची थी। यात्रियों की प्रोफाइलिंग के आधार पर अधिकारियों को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद उसे ग्रीन चैनल से हटाकर सामान की जांच के लिए रोका गया।

ट्रॉली बैग में छिपे मिले दो पाउच

महिला के भूरे रंग के ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसके अंदर छिपाए गए दो पॉलिथीन पाउच मिले। जांच में पाउच के भीतर रखे पदार्थ की गांजा (मारिजुआना) के रूप में पुष्टि हुई। इसका शुद्ध वजन 2,988.7 ग्राम यानी करीब 3 किलो था। अधिकारियों ने इसकी बाजार कीमत लगभग 104 लाख रुपए आंकी है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार

अधिकारियों ने महिला को 30 अक्टूबर को सुबह करीब 10 बजे गिरफ्तार किया। उसके पास से मिले संदिग्ध गांजे के साथ उसे छिपाने में इस्तेमाल की गई सामग्री और पैकेजिंग भी जब्त कर ली गई। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 43(ए) और 43(बी) के तहत की गई।

सीमा शुल्क विभाग के अनुसार, महिला पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8 के उल्लंघन का आरोप है। यह अपराध अधिनियम की धारा 20, 23 और 29 के तहत दंडनीय है। अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला के पास गांजा कहां से आया था और तस्करी के पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो नहीं है।

Related Articles

Back to top button