StateNewsदेश - विदेश

राहुल गांधी ने 8 दिन में छठी बार मोदी को दी बहस की चुनौती: बोले- प्रधानमंत्री ने हमें नक्सली कहा, जवानों के सामने खुली चर्चा करें

दिल्ली। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर खुली बहस की चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने हमें नक्सली कहा है। अगर उनमें हिम्मत है तो वे सामने आकर बहस करें। पिछले 8 दिनों में यह छठी बार है, जब राहुल गांधी ने मोदी को सार्वजनिक बहस की चुनौती दी है।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी का एक वीडियो शेयर किया। यह वीडियो छत्तीसगढ़ के बस्तर में दिवाली के दौरान CRPF जवानों के साथ हुए कार्यक्रम का है। इसमें प्रधानमंत्री जवानों से कह रहे हैं कि जंगलों से हथियारबंद नक्सली खत्म हो रहे हैं, लेकिन अब दिमागी नक्सलियों से लड़ना होगा। ये लोग संस्थाओं और राजनीतिक दलों में घुसपैठ कर लोगों को भड़का रहे हैं।

राहुल बोले- जवानों के सामने करें बहस

वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने CRPF जवानों को टैग किया। उन्होंने लिखा कि जवानों के चेहरों ने सब बता दिया कि उन्हें प्रधानमंत्री के दावे पर भरोसा नहीं है। राहुल ने कहा कि मोदी ने हमें नक्सली कहा है। उनकी चुनौती बरकरार है। प्रधानमंत्री उनसे बहस करें कि देशद्रोही कौन है और विदेशी ताकतों के इशारे पर कौन काम कर रहा है।

राहुल ने कहा कि बहस के लिए कोई भी समय और जगह तय की जा सकती है। उन्होंने दावा किया कि चर्चा के बाद प्रधानमंत्री में जवानों के सामने खड़े होने की हिम्मत नहीं बचेगी।

बस्तर में जवानों के साथ दिवाली मनाने पहुंचे थे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल दिवाली छत्तीसगढ़ के बस्तर में CRPF जवानों के साथ मनाई थी। कोबरा ऑपरेशंस बेस में जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा था कि हथियारबंद नक्सलियों के खिलाफ लड़ाई के बाद अब दिमागी नक्सलियों की पहचान कर उनसे मुकाबला करना जरूरी है।

Related Articles

Back to top button