छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी ठंड: रायपुर में पारा 15 डिग्री तक पहुंचेगा, अगले 2 दिन में 1 से 3 डिग्री गिर सकता है तापमान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नवंबर के दूसरे सप्ताह के साथ ही ठंड का असर बढ़ने लगा है। सुबह और रात में तापमान गिरने से लोगों को ठंड महसूस हो रही है, जबकि दोपहर में धूप निकलने से मौसम सामान्य बना हुआ है।
मौसम विभाग के रायपुर-माना केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, मंगलवार को राजधानी में मौसम शुष्क रहेगा। आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और बारिश की संभावना नहीं है।
रायपुर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। सुबह कुछ जगह हल्की धुंध दिखाई दे सकती है। दिन चढ़ने के साथ धूप तेज होगी और दोपहर में तापमान 29 से 30 डिग्री तक पहुंच सकता है। शाम के बाद पारा गिरने लगेगा और रात में ठंडक बढ़ेगी।
अगले दो दिनों में 3 डिग्री तक गिर सकता है पारा
मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। उत्तरी छत्तीसगढ़ में ठंड का असर ज्यादा महसूस होने की संभावना है। मध्य छत्तीसगढ़ में भी सुबह और देर रात ठंडक बढ़ेगी। हालांकि जिलों के हिसाब से तापमान में अंतर रह सकता है।
14 और 15 नवंबर को 14 डिग्री तक पहुंचेगा तापमान
रायपुर-माना केंद्र के मुताबिक, 11 और 12 नवंबर को राजधानी का अधिकतम तापमान 30 और न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रह सकता है। 13 नवंबर को अधिकतम तापमान 29 डिग्री रहने का अनुमान है। वहीं 14 और 15 नवंबर को न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
दिन में गर्मी, सुबह-शाम हल्की ठंड
फिलहाल प्रदेश में तेज बारिश या किसी बड़े मौसमी बदलाव का संकेत नहीं है। आसमान साफ रहने से दिन में धूप के कारण हल्की गर्मी महसूस होगी, जबकि सुबह जल्दी और देर रात घर से निकलने वालों को ठंड का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में सुबह के समय हल्के गर्म कपड़े साथ रखना उपयोगी रहेगा।





