ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

17 करोड़ से अधिक के फर्जी ITC मामले में कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

रायपुर। सेंट्रल जीएसटी (CGGST) की टीम ने जीएसटी फर्जीवाड़े के एक बड़े मामले में मध्यप्रदेश के कारोबारी जयदीप सिंह चंदेल को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार उन पर फर्जी बिलों के जरिए 17 करोड़ रुपये से अधिक का अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) लेने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को रायपुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

सीजीजीएसटी अधिकारियों के मुताबिक जयदीप सिंह चंदेल और उनकी कंपनी मेरिडियन स्टील्स एंड इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ लंबे समय से जांच चल रही थी। विभाग को सूचना मिली थी कि कंपनी बिना वास्तविक माल की खरीद-बिक्री किए फर्जी इनवॉइस के आधार पर टैक्स लाभ प्राप्त कर रही है। इसके बाद 28 नवंबर 2025 को कंपनी के विभिन्न ठिकानों पर सर्च अभियान चलाया गया, जिसमें कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और रिकॉर्ड जब्त किए गए।

जांच में सामने आया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के दौरान कंपनी ने कथित रूप से फर्जी और अस्तित्वहीन फर्मों द्वारा जारी बिलों के आधार पर करीब 15.14 करोड़ रुपये का अवैध आईटीसी प्राप्त किया। इसके अलावा जीएसटी रिटर्न की जांच में लगभग 1.98 करोड़ रुपये के अतिरिक्त टैक्स लाभ का मामला भी सामने आया। इस प्रकार कुल 17.13 करोड़ रुपये से अधिक के फर्जी आईटीसी लेने का आरोप लगाया गया है।

जांच के दौरान जयदीप सिंह चंदेल का बयान भी दर्ज किया गया। दस्तावेजों के अनुसार उन्होंने डीआरसी-03 के तहत 19.98 लाख रुपये जमा कराए हैं। विभाग का दावा है कि जिन कंपनियों के माध्यम से टैक्स क्रेडिट लिया गया, उनमें से कई के जीएसटी पंजीकरण पहले ही रद्द किए जा चुके थे।

फिलहाल मामले की जांच जारी है। सेंट्रल जीएसटी की टीम पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।

Related Articles

Back to top button