समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में पारदर्शिता के लिए सख्त कार्रवाई, 30 हजार क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त

रायपुर। छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और किसान हितैषी बनाने के लिए राज्यभर में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
राज्य शासन के निर्देश पर जिला प्रशासन धान के कोचियों, बिचौलियों और अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। अवैध परिवहन, भंडारण और उपार्जन केंद्रों में पुराने या गैरकानूनी धान की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
13 जनवरी 2026 को बलरामपुर, जशपुर, सक्ती और जांजगीर-चांपा जिलों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई। इन जिलों में कुल 30,490 क्विंटल से अधिक अवैध धान जब्त किया गया, जबकि 86 से ज्यादा वाहन अवैध परिवहन में पकड़े गए।
बलरामपुर जिले में कलेक्ट राजेन्द्र कटारा के नेतृत्व में अंतरराज्यीय सीमाओं और चेक पोस्टों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है। यहां अब तक 129 प्रकरणों में 20,426.49 क्विंटल अवैध धान और 83 वाहन जब्त किए गए। चांदो उपार्जन केंद्र में 65 बोरी अवैध धान बेचने के प्रयास को भी रोका गया।
जशपुर जिले में वेदांश राइस मिल में जांच के दौरान 9,700 क्विंटल धान की कमी पाए जाने पर मिल को सील कर दिया गया है। सक्ती जिले में लगभग 331 क्विंटल अवैध धान और कई वाहन जब्त किए गए।
राज्य शासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





