भीषण गर्मी में बिजली की मांग रिकॉर्ड पर, एसी-कूलर ने बढ़ाई खपत

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी के साथ बिजली की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। राज्य में पिछले एक सप्ताह से बिजली की अधिकतम मांग 7000 मेगावॉट के पार बनी हुई है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में यह आंकड़ा 7300 मेगावॉट तक पहुंच सकता है। यह स्थिति पिछले साल की तुलना में करीब 500 से 1000 मेगावॉट अधिक है।
गर्मी बढ़ने के साथ ही घरों में एसी, कूलर और पंखों का उपयोग तेजी से बढ़ा है। खासतौर पर एयर कंडीशनर की बढ़ती संख्या ने बिजली की खपत में बड़ा इजाफा किया है। अब मध्यमवर्गीय परिवारों में भी 1 से 1.5 टन के एसी आम हो गए हैं, जिससे अप्रैल महीने में ही बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई है।
आंकड़ों के अनुसार 18 अप्रैल को राज्य में इस सीजन की सबसे अधिक 7078 मेगावॉट बिजली की मांग दर्ज की गई। इस दौरान 160.5 मिलियन यूनिट बिजली की आपूर्ति की गई और किसी तरह की बड़ी कमी नहीं होने दी गई। इसके बाद भी कई दिनों तक मांग 7000 मेगावॉट के ऊपर बनी रही।
बिजली कंपनी इस बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए अपने उत्पादन के साथ-साथ सेंट्रल पूल से रोजाना लगभग 5000 मेगावॉट बिजली खरीद रही है। हालांकि पिछले कुछ दिनों में मामूली कमी देखने को मिली है, जिसके कारण कई जगहों पर 5 से 15 मिनट की अघोषित कटौती भी हुई।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गर्मी इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में मांग और बढ़ सकती है। हालांकि बिजली विभाग का दावा है कि पर्याप्त संसाधन मौजूद हैं और किसी बड़ी कटौती की स्थिति नहीं आने दी जाएगी। फिलहाल लोगों को बिजली की खपत संतुलित रखने और उपकरणों का सावधानी से उपयोग करने की सलाह दी जा रही है।





