भाजपा की SIR के समर्थन में पदयात्रा, जेपी नड्डा-सीएम साय होंगे शामिल; भारी वाहनों पर रोक

दोपहर 3 बजे महेश कॉलोनी से शुरू होगा कार्यक्रम, महेश चौक तक निकलेगी पदयात्रा; ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवायजरी
दुर्ग। दुर्ग में शुक्रवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के समर्थन में भाजपा पदयात्रा निकालेगी। ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव समेत प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। भाजपा इस आयोजन के जरिए मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर लोगों को जागरूक करेगी।
महेश कॉलोनी से महेश चौक तक निकलेगी पदयात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर 3 बजे महेश कॉलोनी में सभा से होगी। इसके बाद भाजपा नेता और कार्यकर्ता पदयात्रा निकालेंगे। करीब एक किलोमीटर का सफर तय कर यात्रा महेश चौक पहुंचेगी। यहां इसका समापन होगा और सभा आयोजित की जाएगी। इस दौरान जेपी नड्डा समेत वरिष्ठ नेता SIR को लेकर पार्टी का पक्ष रखेंगे।
भाजपा का कहना है कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना चाहिए और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाया जाना चाहिए। पार्टी कार्यकर्ताओं को भी लोगों के बीच जाकर SIR की प्रक्रिया और इसके उद्देश्य की जानकारी देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भारी वाहनों की एंट्री पर रोक
पदयात्रा को देखते हुए दुर्ग यातायात पुलिस ने ट्रैफिक एडवायजरी जारी की है। शुक्रवार को शहर में भारी और मध्यम मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। दोपहर 12 से 2 बजे तक मिलने वाली नो-एंट्री की छूट भी नहीं दी जाएगी।
गुरुद्वारा तिराहा, उतई तिराहा, जेल तिराहा, महाराजा चौक, पोटिया चौक, अंडा चौक, पुलगांव चौक और अंजोरा बाईपास सहित कई मार्गों पर प्रतिबंध रहेगा। कुम्हारी से नेहरू नगर चौक होते हुए महेश कॉलोनी तक भी भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। सड़क किनारे वाहन खड़े करने, दुकानें और ठेले लगाने पर भी रोक रहेगी। पुलिस ने लोगों से प्रभावित मार्गों पर जाने से बचने और वैकल्पिक रास्तों का उपयोग करने की अपील की है।





