जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का चक्का जाम, लिखित आश्वासन के बाद समाप्त हुआ आंदोलन

रायगढ़। जिले के लैलूंगा-बाकारुमा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। लैलूंगा थाना क्षेत्र के राजपुर बाजार के पास बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने वर्षों से अधूरी पड़ी सड़क का निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की। आंदोलन के चलते मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पीडब्ल्यूडी की ओर से लिखित आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन समाप्त कर दिया।
सुबह से ही शुरू हुए प्रदर्शन के कारण लैलूंगा-बाकारुमा मार्ग पर आवागमन बुरी तरह प्रभावित रहा। ट्रक चालकों और अन्य वाहन चालकों ने बताया कि सड़क की बदहाल स्थिति के कारण उन्हें रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
खराब सड़क के चलते घंटों जाम में फंसना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों उठाने पड़ते हैं।
जानकारी के अनुसार, इस सड़क का लगभग 600 मीटर हिस्सा निजी भूमि पर होने के कारण वर्षों से अधूरा पड़ा है।
संबंधित भूस्वामी का कहना है कि करीब 3 एकड़ 70 डिसमिल भूमि का अधिग्रहण और उचित मुआवजा मिलने तक सड़क निर्माण की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी विवाद के चलते निर्माण कार्य लंबे समय से अटका हुआ है।
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने बताया कि पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने सात दिनों के भीतर सड़क की चलने योग्य मरम्मत कराने का लिखित आश्वासन दिया है।
साथ ही आगे निर्माण कार्य शुरू करने की बात भी कही गई है। इस आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया, लेकिन चेतावनी दी कि यदि तय समय में काम शुरू नहीं हुआ तो दोबारा आंदोलन किया जाएगा।
एसडीएम राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए डीएमएफ मद से 1 करोड़ 32 लाख 56 हजार रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं और टेंडर प्रक्रिया जारी है। भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।





