धनश्री वर्मा का साउथ सिनेमा में डेब्यू, ‘हे कन्नम्मा’ में बनीं लीड एक्ट्रेस; 27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म

दिल राजू प्रोडक्शंस की तेलुगु म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा का टीजर जारी; यशवंत मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी आएंगे नजर
मुंबई। डांसर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर धनश्री वर्मा अब एक्टिंग की दुनिया में नई शुरुआत करने जा रही हैं। वह तेलुगु फिल्म ‘हे कन्नम्मा’ से साउथ सिनेमा में डेब्यू कर रही हैं। फिल्म का पहला पोस्टर और ऑफिशियल टीजर रिलीज कर दिया गया है। इसमें धनश्री लीड एक्ट्रेस के तौर पर नजर आएंगी। फिल्म 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
धनश्री ने सोशल मीडिया पर पोस्टर और टीजर शेयर कर अपने नए सफर की जानकारी दी। उन्होंने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए खास बताते हुए फिल्म की पूरी टीम का आभार जताया। धनश्री ने कहा कि बतौर लीड एक्ट्रेस यह उनकी पहली फिल्म है और तेलुगु सिनेमा में कदम रखना उनके लिए एक नया अनुभव है।
दिल राजू प्रोडक्शंस बना रहा फिल्म
‘हे कन्नम्मा’ का निर्माण दिल राजू प्रोडक्शंस कर रहा है। फिल्म में धनश्री के साथ यशवंत मास्टर और कार्तिका मुरलीधरन भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। यह एक म्यूजिकल रोमांटिक ड्रामा है। टीजर में फिल्म की कहानी और धनश्री के किरदार की झलक दिखाई गई है। उन्होंने फैंस से फिल्म को सिनेमाघरों में देखने और अपना प्यार देने की अपील की है।
डांस और सोशल मीडिया के जरिए पहचान बनाने वाली धनश्री के लिए यह फिल्म करियर का नया पड़ाव है। अब तक वह अपने डांस वीडियो और सोशल मीडिया कंटेंट के कारण चर्चा में रही हैं। बड़े पर्दे पर बतौर अभिनेत्री उनकी शुरुआत को लेकर फैंस में उत्सुकता है।
युजवेंद्र चहल से अलगाव के बाद करियर पर फोकस
धनश्री की निजी जिंदगी भी लंबे समय तक सुर्खियों में रही है। उन्होंने 2020 में भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल से शादी की थी। 2025 में दोनों का तलाक हो गया। अलगाव के दौरान दोनों को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं। एक रियलिटी शो में धनश्री ने इशारों में चहल पर धोखा देने का आरोप लगाया था, जबकि चहल ने उनके दावों को गलत बताया था।
अब धनश्री अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत कर रही हैं। ‘हे कन्नम्मा’ में उनका अभिनय दर्शकों को कितना पसंद आता है, इसका पता फिल्म की रिलीज के बाद चलेगा।





