अन्तर्राष्ट्रीयStateNewsखेलदेश - विदेश

19 साल की मीरा एंड्रीवा ने जीता WTA फाइनल्स, इनाम में मिले 28 करोड़ और मर्सिडीज

फाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को 7-5, 6-3 से हराया; पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट नहीं गंवाया, करियर की सर्वश्रेष्ठ नंबर-2 रैंकिंग हासिल की

दिल्ली। रूस की 19 साल की टेनिस खिलाड़ी मीरा एंड्रीवा ने WTA फाइनल्स का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। रविवार को अमेरिका के इंडियन वेल्स में खेले गए फाइनल में उन्होंने यूक्रेन की 32 वर्षीय एलिना स्वितोलिना को सीधे सेटों में 7-5, 6-3 से हराया।

एंड्रीवा ने पूरे टूर्नामेंट में एक भी सेट गंवाए बिना पांचों मुकाबले जीते। चैंपियन बनने पर उन्हें 33.7 लाख डॉलर यानी करीब 28.4 करोड़ रुपए की इनामी राशि और पर्पल रंग की मर्सिडीज-बेंज कन्वर्टिबल कार मिली।

इस जीत के साथ एंड्रीवा करियर की सर्वश्रेष्ठ वर्ल्ड नंबर-2 रैंकिंग पर पहुंच गई हैं। वह WTA फाइनल्स के डेब्यू में ही सिंगल्स खिताब जीतने वाली तीसरी टीनएजर खिलाड़ी बन गई हैं। 2004 में 17 साल की मारिया शारापोवा के बाद वह इस टूर्नामेंट की सबसे युवा चैंपियन भी हैं।

बोलीं- अब जल्द बनवाऊंगी ड्राइविंग लाइसेंस

पुरस्कार समारोह के दौरान मर्सिडीज-बेंज कार कोर्ट पर लाई गई। एंड्रीवा उसकी ड्राइविंग सीट पर बैठीं, लेकिन उनके पास अभी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि यह जल्द से जल्द लाइसेंस बनवाने का शानदार मोटिवेशन है। अगर ऐसा नहीं हुआ तो उनकी टीम के पांच लोग उन्हें कहीं भी ले जाने के लिए मौजूद हैं और वह पैसेंजर प्रिंसेस बनी रह सकती हैं।

बिना सेट गंवाए खिताब जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी

एंड्रीवा WTA फाइनल्स का खिताब बिना कोई सेट गंवाए जीतने वाली 11वीं खिलाड़ी हैं। उनसे पहले क्रिस एवर्ट, मार्टिना नवरातिलोवा और सेरेना विलियम्स जैसी दिग्गज खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। अवॉर्ड समारोह में उन्होंने ऐसी जैकेट पहनी, जिस पर लिखा था- ‘आई वांट टू थैंक माईसेल्फ’। उन्होंने कहा कि वह खुद को मेहनत करने, हार न मानने और लगातार बेहतर बनने के लिए धन्यवाद देना चाहती हैं।

करीब दो घंटे चले फाइनल में एंड्रीवा ने आखिरी छह में से पांच गेम जीतकर मुकाबला अपने नाम किया। उपविजेता स्वितोलिना को करीब 12.6 करोड़ रुपए मिले। महिला डबल्स में कैटरीना सिनियाकोवा और टेलर टाउनसेंड की जोड़ी ने खिताब जीता।

Related Articles

Back to top button