सीएम साय ने किया ‘गुलाल’ होली विशेषांक का विमोचन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज छत्तीसगढ़ विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में ‘गुलाल’ होली विशेषांक का विमोचन किया।
वरिष्ठ पत्रकार जगजीत सिंह द्वारा प्रकाशित इस विशेषांक में होली पर्व के सांस्कृतिक, सामाजिक और साहित्यिक पक्षों को विस्तार से समाहित किया गया है।
विमोचन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि होली केवल रंगों का उत्सव नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और भारतीय परंपराओं की जीवंत अभिव्यक्ति का पर्व है।
यह त्योहार समाज को जोड़ने, मतभेदों को मिटाने और प्रेम व सौहार्द का संदेश देने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ‘गुलाल’ जैसा विशेषांक हमारी समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और उत्सवधर्मिता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने प्रकाशन से जुड़े सभी संपादकों, लेखकों और सहयोगियों को बधाई देते हुए कहा कि रचनात्मक पत्रकारिता समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक चेतना का प्रसार करती है।
ऐसे प्रयासों से न केवल पर्वों की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पृष्ठभूमि उजागर होती है, बल्कि समकालीन संदर्भों में भी उनकी प्रासंगिकता सामने आती है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, दीपक विश्वकर्मा, नदीम मेमन तथा श्रमजीवी गिल्ड फाउंडेशन के अध्यक्ष आर.के. गांधी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान विशेषांक की विषयवस्तु और उसमें प्रकाशित लेखों की भी सराहना की गई।





