असम में भूपेश बघेल के काफिले पर हमला, पत्थर-बोतलें फेंकीं

असम। नगांव लोकसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान सोमवार को समागुड़ी के बरमा इलाके में कांग्रेस के चुनावी काफिले पर कथित पथराव के बाद हंगामा हो गया। काफिले में असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई, पूर्व छत्तीसगढ़ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, धुबरी सांसद रकीबुल हुसैन और कांग्रेस प्रत्याशी सिबामोनी बोरा समेत कई नेता मौजूद थे। रिपोर्टों के मुताबिक काफिले के इलाके से गुजरने के दौरान कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए और ‘गो बैक’ के नारे लगाए। इसके बाद गाड़ियों पर पत्थर और बोतलें फेंके जाने की बात सामने आई।
पथराव में कुछ वाहनों के शीशे टूटने की जानकारी है। मौके पर मौजूद कुछ पत्रकारों के साथ कथित मारपीट की भी रिपोर्ट सामने आई है। घटना के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया। पुलिस और CRPF की टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की। स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। सुरक्षाबलों पर भी पथराव किए जाने की रिपोर्ट है। हालांकि, घटना की शुरुआत किस पक्ष की ओर से हुई और पथराव के लिए कौन जिम्मेदार था, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
गोगोई बोले- जिस गाड़ी में थे, उस पर भी पत्थर फेंके
घटना के बाद गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया पोस्ट में आरोप लगाया कि BJP समर्थकों ने उस गाड़ी पर पत्थर और बोतलें फेंकी, जिसमें वे और भूपेश बघेल मौजूद थे। उन्होंने कहा कि पुलिस से भीड़ को नियंत्रित करने का अनुरोध किया गया था। कांग्रेस नेताओं ने घटना को लेकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने कांग्रेस नेताओं को सुरक्षा घेरे में वहां से बाहर निकाला। पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए 6 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि 9 अक्टूबर को मतगणना होगी। कांग्रेस ने सिबामोनी बोरा और BJP ने देबाशीष शर्मा को उम्मीदवार बनाया है।





