रायगढ़ में छात्रों ने मंच पर दिखाई मोदी की 25 साल की यात्रा

रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत पंजरी प्लांट स्थित संत पूज्य श्री प्रियदर्शी राम जी ऑडिटोरियम में ‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। डिग्री कॉलेज रायगढ़ के छात्र-छात्राओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा और देश के प्रति उनके योगदान पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दर्शक दीर्घा में बैठकर पूरी प्रस्तुति देखी और विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाया।
छात्रों ने अभिनय के जरिए अलग-अलग परिस्थितियों और चुनौतियों के बीच लिए गए निर्णयों, विकास से जुड़े प्रयासों और सामाजिक जिम्मेदारी के विषयों को मंच पर प्रस्तुत किया। नाट्य मंचन में कोरोना महामारी के कठिन दौर का भी उल्लेख किया गया। प्रस्तुति के दौरान ‘सेवा ही संकल्प’ को केंद्र में रखते हुए सेवा भावना, सामाजिक दायित्व और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को दिखाया गया।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। इसमें 12 संकल्प और 25 सेवा कार्यों को शामिल किया गया है। अभियान के जरिए जनभागीदारी से जुड़े कार्यों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। युवाओं की ऊर्जा और रचनात्मकता सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत कर सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं को सामाजिक दायित्व से जोड़ने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रवींद्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशिमोहन सिंह समेत जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।





