Ben Stokes छोड़ेंगे कप्तानी, क्रिकेट को भी कहेंगे अलविदा! रिपोर्ट से क्रिकेट जगत में मचा हड़कंप

दिल्ली। इंग्लैंड क्रिकेट टीम के कप्तान और स्टार ऑलराउंडर Ben Stokes को लेकर बड़ी खबर सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि स्टोक्स जल्द ही टेस्ट टीम की कप्तानी छोड़ सकते हैं और क्रिकेट से संन्यास लेने पर भी विचार कर रहे हैं। इन खबरों के सामने आने के बाद क्रिकेट जगत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
फिलहाल इंग्लैंड की टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रही है। लॉर्ड्स में खेले गए पहले टेस्ट में इंग्लैंड ने शानदार जीत दर्ज कर सीरीज में 1-0 की बढ़त बनाई थी। हालांकि मैच के बाद स्टोक्स और तेज गेंदबाज गस एटकिंसन एक नाइटक्लब में नजर आए, जिसके बाद विवाद खड़ा हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, इस मामले को लेकर इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने जांच शुरू की है।
स्पोर्ट्स मीडिया प्लेटफॉर्म टॉकस्पोर्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, बोर्ड की संभावित कार्रवाई से पहले स्टोक्स कप्तानी छोड़ने का फैसला कर सकते हैं। वरिष्ठ खेल पत्रकार जॉर्ज डोबेल ने दावा किया है कि इंग्लिश कप्तान के भविष्य को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। हालांकि अभी तक स्टोक्स या ईसीबी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
वहीं, कुछ रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया है कि स्टोक्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अस्थायी ब्रेक ले सकते हैं। इससे पहले वर्ष 2021 में भी उन्होंने मानसिक स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए क्रिकेट से कुछ समय के लिए दूरी बनाई थी।
दूसरी ओर, इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच के लिए अभी तक टीम की घोषणा नहीं की है। माना जा रहा है कि स्टोक्स की स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही टीम का ऐलान किया जाएगा।
यदि स्टोक्स वास्तव में कप्तानी या क्रिकेट छोड़ने का फैसला करते हैं, तो यह इंग्लैंड क्रिकेट के लिए बड़ा झटका माना जाएगा, क्योंकि वह पिछले कुछ वर्षों में टीम के सबसे प्रभावशाली खिलाड़ियों में से एक रहे हैं।





