ChhattisgarhStateNews

उच्च शिक्षा में बड़े सुधार की तैयारी: नए सत्र में समय पर होंगी परीक्षाएं, छात्रों के लिए बनेगा हेल्प डेस्क

रायपुर। प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत पर राज्य के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए उच्च शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधारों के संकेत दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार शैक्षणिक कैलेंडर का कड़ाई से पालन कराया जाएगा, ताकि पढ़ाई, परीक्षाएं और परिणाम समय पर घोषित हो सकें।

मंत्री वर्मा ने कहा कि उच्च शिक्षा को अधिक अनुशासित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार कई महत्वपूर्ण कदम उठा रही हैं। नई शिक्षा नीति (NEP-2020) का प्रभावी क्रियान्वयन, डिजिटल गवर्नेंस, एकीकृत नियामक व्यवस्था और विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कॉलेज परिसरों में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने के साथ शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

छात्र हित में बड़ा फैसला लेते हुए मंत्री ने सभी महाविद्यालयों में ‘हेल्प डेस्क’ स्थापित करने की घोषणा की। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा और उन्हें विभिन्न प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

उन्होंने विद्यार्थियों से समय पर प्रवेश लेने की अपील करते हुए कहा कि मेरिट सूची में नाम आने पर निर्धारित अवधि में दाखिला सुनिश्चित करें। बार-बार प्रवेश तिथियां बढ़ाने की आवश्यकता न पड़े, इसके लिए छात्र-छात्राओं का सहयोग जरूरी है।

मंत्री वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत पाठ्यक्रम समय पर पूरा किया जाएगा तथा सेमेस्टर और अन्य परीक्षाएं निर्धारित समय पर आयोजित होंगी। परीक्षा परिणाम भी तय समय-सीमा में जारी किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को सह-शैक्षणिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने भरोसा दिलाया कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है।

Related Articles

Back to top button