ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

हॉस्पिटल में लगी आग: परिजन मरीजों को लेकर बाहर भागे; गंभीर मरीजों ने खुले में गुजारी रात

जयपुर। जयपुर-दिल्ली हाईवे स्थित निम्स हॉस्पिटल में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगने के बाद मरीजों और उनके परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन वार्डों से मरीजों को बाहर निकालकर अस्पताल परिसर में खुले स्थान पर ले आए। कुछ गंभीर मरीजों को भी अस्पताल के बाहर ही रात गुजारनी पड़ी।

पुलिस के मुताबिक, चंदवाजी इलाके में स्थित निम्स हॉस्पिटल एवं मेडिकल कॉलेज के ग्राउंड फ्लोर पर ऑपरेशन थिएटर की छत की फॉल सीलिंग में अचानक आग की लपटें दिखाई दीं। देखते ही देखते ओटी और एमआईसीयू क्षेत्र में धुआं भर गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

आग का पता चलते ही अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और अस्पताल स्टाफ ने मरीजों को वार्डों से बाहर निकाला। कई परिजन अपने मरीजों को खुद लेकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचे।

अस्पताल परिसर में रात बिताने की नौबत

आग के दौरान अस्पताल प्रबंधन के कर्मचारी भी राहत और बचाव में जुटे रहे। आग बुझाने के इंतजाम को लेकर भी सवाल उठे। धुएं और आग के कारण गंभीर मरीजों को अस्पताल के अंदर रखना मुश्किल हो गया। ऐसे में उन्हें अस्पताल परिसर के खुले हिस्से में ले जाया गया। परिजनों ने वहीं रात गुजारी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। फिलहाल आग से हुए नुकसान और घटना के अन्य कारणों की जांच की जा रही है। आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद होगी।

Related Articles

Back to top button