कोहली-कुलदीप ने महाकाल के दर्शन किए, भस्म आरती में शामिल हुए

इंदौर। इंदौर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले मैच से पहले टीम इंडिया के खिलाड़ी विराट कोहली और कुलदीप यादव उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। दोनों खिलाड़ियों ने सुबह करीब 4 बजे त्रिपुंड (तिलक) लगवाया और भस्म आरती में शामिल हुए। दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर आरती देखी और जाप करते नजर आए। विराट कोहली ने ध्यान लगाते हुए अपने मन को शांति प्रदान की।
भस्म आरती के बाद कोहली और कुलदीप ने भगवान महाकाल को जल अर्पित किया और नंदी हॉल में पूजन-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने महाकाल के देहरी से दर्शन किए। इस अवसर पर महाकाल मंदिर समिति की ओर से दोनों खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया। कुलदीप यादव ने मंदिर में आकर आनंद व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महाकाल का आशीर्वाद उनके जीवन और क्रिकेट करियर में बना रहे। उन्होंने यह भी कहा कि महाकाल मंदिर में आना हमेशा सुखद अनुभव होता है।
इससे पहले भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर आगर मालवा जिले के नलखेड़ा स्थित मां बगलामुखी मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां हवन-अनुष्ठान में भाग लिया और वैदिक मंत्रोच्चार किया। मंदिर के मुख्य पुजारी ने गंभीर को माता की चुनरी ओढ़ाई। इसके अलावा, केएल राहुल भी उज्जैन में महाकाल मंदिर पहुंचे और पूजा-अर्चना में शामिल हुए।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। सीरीज का निर्णायक मुकाबला 18 जनवरी को होलकर स्टेडियम, इंदौर में खेला जाएगा। इस मैच का परिणाम बेहद महत्वपूर्ण है क्योंकि जो टीम यह मुकाबला जीतेगी, वही सीरीज पर कब्ज़ा बनाएगी। महाकाल मंदिर में भगवान के दर्शन और भस्म आरती में शामिल होकर भारतीय खिलाड़ी मानसिक रूप से मजबूत होकर निर्णायक मैच के लिए तैयार हैं।





