ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कांग्रेस नेता के घर घुसकर हमला: 15-20 हथियारबंद बदमाशों ने की मारपीट, आंख में गंभीर चोट; भाजपा नेता पर लगाया आरोप

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शनिवार देर रात कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि करीब 15 से 20 बदमाश हथियार लेकर उनके घर में घुसे और ताबड़तोड़ मारपीट की।

हमले में कांग्रेस नेता की आंख में गंभीर चोट आई है। घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके की बताई जा रही है। गुरुप्रीत सिंह सिद्धू को पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव का करीबी माना जाता है।

भाजपा नेता पर हमला कराने का आरोप

घायल कांग्रेस नेता ने भाजपा नेता प्रकाश साहू पर हमला करवाने का आरोप लगाया है। सिद्धू का कहना है कि उनके और भाजपा नेता के बीच पुरानी राजनीतिक रंजिश है। उन्होंने दावा किया कि सोशल मीडिया पर भाजपा नेता के खिलाफ किए जा रहे पोस्ट को लेकर उन पर शक किया जा रहा था।

सिद्धू के मुताबिक, इसी विवाद को लेकर भाजपा नेता के समर्थक उनके घर पहुंचे। पहले गाली-गलौज की और फिर मारपीट शुरू कर दी। हमलावर घर के अंदर भी घुस गए और वहां हमला किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले उन्होंने आईजी को अपनी जान को खतरा होने की सूचना दी थी। सिद्धू ने पुलिस पर शिकायत के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं करने का भी आरोप लगाया।

प्रकाश साहू बोले- आरोप बेबुनियाद

भाजपा नेता प्रकाश साहू ने कांग्रेस नेता के आरोपों को बेबुनियाद बताया है। उन्होंने कहा कि घटना के समय वह अपने घर पर थे और हमले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। साहू ने दावा किया कि सिद्धू उनसे पुरानी राजनीतिक रंजिश रखते हैं और उन्हें झूठे मामले में फंसाने की कोशिश कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि वार्ड चुनाव में भाजपा की जीत के बाद उनके खिलाफ राजनीतिक प्रोपेगेंडा किया जा रहा है। फिलहाल पुलिस हमले की वजह, आरोपियों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button