ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शादी का कार्ड देने के बहाने घर में घुसा, शिक्षिका को चाकू की नोक पर बनाया बंधक: दुष्कर्म के आरोपी को उम्रकैद

रायपुर। रायपुर जिले में ग्रामीण कृषि विकास अधिकारी की शिक्षिका पत्नी को चाकू की नोक पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के मामले में अदालत ने आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई है। कोर्ट ने दोषी पर 1 लाख 25 हजार रुपए का अर्थदंड भी लगाया है। वहीं, मामले में आरोपी की पत्नी को पर्याप्त साक्ष्य के अभाव में दोषमुक्त कर दिया गया।

मामले की सुनवाई अपर सत्र न्यायाधीश (फास्ट ट्रैक) विनय कुमार प्रधान की अदालत में हुई। अभियोजन की ओर से अतिरिक्त लोक अभियोजक विजयश्री बिसेन ने पैरवी की।

पति का दोस्त बताकर घर में घुसा

अभियोजन के अनुसार आरोपी बालकृष्ण जांगड़े और उसकी पत्नी अंजना जांगड़े मूल रूप से बेमेतरा के रहने वाले हैं और पिरदा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रहते थे। घटना 15 मार्च 2021 की है। पीड़िता शिक्षिका अपने 12 और 4 साल के दो बच्चों के साथ घर पर थी। उसके पति सुबह करीब 10 बजे कार्यालय चले गए थे।

दोपहर करीब 12:45 बजे पीड़िता ने पति को फोन कर बताया कि घर में दो लोग घुस आए हैं और उस पर चाकू से हमला किया गया है। पति घर पहुंचा तो पत्नी घायल अवस्था में मिली। उसके शरीर पर चोट के निशान थे।

पीड़िता ने अदालत में बताया कि आरोपी ने खुद को उसके पति का दोस्त बताया और शादी का कार्ड देने के बहाने घर में प्रवेश किया। बातचीत के दौरान उसने पति का परिचित होने का भरोसा दिलाया। इसके बाद आरोपी ने कथित तौर पर बच्चों के सामने पीड़िता पर हमला किया, उसे बंधक बनाया और दुष्कर्म किया।

पांच साल बाद आया फैसला

पुलिस ने जांच के बाद मामले में आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन ने पीड़िता के बयान सहित अन्य साक्ष्य अदालत के सामने रखे। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने बालकृष्ण जांगड़े को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और 1.25 लाख रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।

वहीं आरोपी की पत्नी अंजना जांगड़े के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने पर अदालत ने उसे दोषमुक्त कर दिया। मामले में करीब पांच साल बाद फैसला आया है।

Related Articles

Back to top button