ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर-गरियाबंद की 4 सिंचाई योजनाओं को 16 करोड़ की मंजूरी

नहरों की लाइनिंग और मरम्मत होगी; 449 हेक्टेयर से ज्यादा कृषि भूमि को मिलेगा सिंचाई का लाभ

रायपुर। रायपुर और गरियाबंद जिले की चार प्रमुख सिंचाई योजनाओं के लिए छत्तीसगढ़ सरकार ने 16 करोड़ 3 लाख 38 हजार रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति दी है। जल संसाधन विभाग के मुताबिक इस राशि से नहरों की लाइनिंग, मरम्मत और जीर्णोद्धार के काम कराए जाएंगे। इससे जल प्रबंधन बेहतर होने के साथ किसानों को सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा और कृषि उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।

जल संसाधन विभाग मंत्रालय ने यह स्वीकृति महानदी गोदावरी कछार, जल संसाधन विभाग रायपुर के मुख्य अभियंता को दी है। चारों योजनाओं के काम पूरे होने के बाद कुल 449.27 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होने की बात कही गई है।

गुजरा व्यपवर्तन योजना में 141 हेक्टेयर को लाभ

रायपुर जिले की गुजरा व्यपवर्तन योजना के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस राशि से नहर की लाइनिंग और जीर्णोद्धार का काम होगा। काम पूरा होने के बाद करीब 141 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलने की उम्मीद है।

गरियाबंद की 3 योजनाओं पर खर्च होंगे 11 करोड़ से ज्यादा

गरियाबंद जिले की पतोरा व्यपवर्तन योजना के लिए 2 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपए स्वीकृत हुए हैं। इससे शीर्ष जीर्णोद्धार और नहर लाइनिंग का काम होगा। योजना से 84.27 हेक्टेयर कृषि भूमि को सिंचाई का लाभ मिलेगा।

गनियारी जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 66 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं। इस राशि से जलाशय का जीर्णोद्धार, वेस्ट वियर की मरम्मत, मुख्य नहर की रिमॉडलिंग और सीमेंट-कंक्रीट लाइनिंग कराई जाएगी। इससे 144 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित होगी।

वहीं ठाकुरदेव जलाशय योजना के लिए 4 करोड़ 35 लाख 73 हजार रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें शीर्ष, मुख्य नहर और शाखा नहरों की मरम्मत, जीर्णोद्धार और लाइनिंग का काम कराया जाएगा। इससे 80 हेक्टेयर क्षेत्र को सिंचाई सुविधा मिलेगी।

इन कार्यों से नहरों की स्थिति बेहतर होने के साथ सिंचाई जल के प्रबंधन में सुधार होगा। इससे किसानों को फसल के लिए पानी की उपलब्धता बेहतर होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button