रिटायरमेंट से पहले निपटाएं कर्मचारियों के पेंशन-प्रकरण, भर्ती प्रक्रिया भी तेज होगी

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने शुक्रवार को मंत्रालय महानदी भवन में सभी विभागों के भार साधक सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन और महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के प्रकरण उनकी रिटायरमेंट से पहले ही निपटाए जाएं। इसके लिए सभी विभागों को नियतकालिक सूची तैयार करने को कहा गया है।
बैठक में विभागों में रिक्त और बैकलॉग पदों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने सेटअप तैयार कर इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सचिवों से अपनी विभागीय योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने और काम की प्रगति की लगातार समीक्षा करने को कहा।
728 सेवाएं लोक सेवा गारंटी के दायरे में
बैठक में लोक सेवा गारंटी, सूचना का अधिकार, सेवा सेतु, पीएम प्रगति, ई-प्रगति, डी-रेगुलेशन और ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत अब तक करीब 728 सेवाएं अधिसूचित की जा चुकी हैं।
हर अधिकारी को हर महीने 1 से 3 प्रशिक्षण
मुख्य सचिव ने अधिकारियों-कर्मचारियों को iGOT Karmayogi प्लेटफॉर्म पर विभाग की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए। प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए हर महीने 1 से 3 प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरा करना अनिवार्य होगा।
रिफॉर्म उत्सव में दिखाए जाएंगे विभागीय सुधार
मुख्य सचिव ने सभी विभागों से उनके स्तर पर किए गए सुधारों की जानकारी तैयार करने को कहा। इन सुधारों को आगामी रिफॉर्म उत्सव अभियान में प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके अलावा स्कूल-कॉलेजों में पढ़ने वाले 15 से 29 वर्ष के युवाओं का मेरा युवा भारत (MY Bharat) पोर्टल पर शत-प्रतिशत पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। इसके लिए जिला समन्वयकों और प्राचार्यों को समन्वय से काम करने को कहा गया। बैठक में राज्य शासन के विभिन्न विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।





