ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन को मंजूरी: CM साय ने PM मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार, बोले- विकास को मिलेगी नई रफ्तार

755 करोड़ की परियोजना से बढ़ेगी कोयला परिवहन क्षमता, यात्री सुविधाएं होंगी बेहतर; क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बड़ा लाभ

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय रेल द्वारा दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत 755 करोड़ रुपए की लागत वाली चांपा-कोरबा तीसरी रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास, ऊर्जा सुरक्षा और रेल अधोसंरचना विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरबा देश की ऊर्जा राजधानी के रूप में अपनी विशेष पहचान रखता है। चांपा-कोरबा रेल खंड एसईसीएल और एमसीएल की खदानों को राष्ट्रीय रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वपूर्ण कड़ी है। तीसरी रेल लाइन बनने से कोयला परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मजबूत लॉजिस्टिक आधार तैयार होगा।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से केवल माल परिवहन ही नहीं, बल्कि यात्री सुविधाओं में भी सुधार होगा। अतिरिक्त रेल लाइन उपलब्ध होने से ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुगम होगी, परिचालन संबंधी बाधाएं कम होंगी और भविष्य में नई यात्री ट्रेनों के संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। इससे यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में 51 हजार करोड़ रुपए से अधिक की लागत से विभिन्न रेल परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने हाल ही में विशेष रेल परियोजना के रूप में स्वीकृत धरमजयगढ़-पत्थलगांव-लोहरदगा रेल लाइन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जशपुर सहित उत्तर छत्तीसगढ़ पहली बार रेल नेटवर्क से जुड़ सकेगा।

साय ने कहा कि वर्ष 2014 में छत्तीसगढ़ की रेल परियोजनाओं के लिए लगभग 300 करोड़ रुपए का बजट मिलता था, जो अब बढ़कर 7,470 करोड़ रुपए हो गया है। साथ ही अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत प्रदेश के 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई रेल परियोजनाएं विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के संकल्प को नई गति देंगी।

Related Articles

Back to top button