ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

शिवनंदनपुर नगर पंचायत के शपथ ग्रहण में पहुंचे CM साय: बोले- मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए समर्पित भाव से करें काम

मंगल भवन निर्माण की घोषणा, योजनाओं के हितग्राहियों को वितरित किए लाभ; विभागीय स्टॉलों का भी किया अवलोकन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय बुधवार को सूरजपुर जिले के नवनिर्मित नगर पंचायत शिवनंदनपुर के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष रितेश जायसवाल सहित सभी नवनिर्वाचित पार्षदों को बधाई देते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना है। उन्होंने आह्वान किया कि बिजली, पानी, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करें।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर वार्ड क्रमांक-6 में सुसज्जित मंगल भवन निर्माण की घोषणा कर क्षेत्रवासियों को बड़ी सौगात दी। उन्होंने कहा कि शिवनंदनपुर को नगर पंचायत का दर्जा मिलना क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी, जिससे अब सुनियोजित नगरीय विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। जनप्रतिनिधियों को जनता और शासन के बीच मजबूत सेतु बनकर काम करना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और कॉल सेंटर के माध्यम से अपनी समस्याएं दर्ज कराने की अपील भी की।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी और जागरूकता स्टॉलों का अवलोकन किया। समाज कल्याण विभाग के स्टॉल में दिव्यांग हितग्राहियों को ट्राइसाइकिल और प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को नए घरों की चाबियां सौंपी गईं। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में पोषण आहार का प्रदर्शन किया गया, वहीं गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मत्स्य पालन, आयुष्मान भारत और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए। इस मौके पर कृषि मंत्री रामविचार नेताम, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button