छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल का भरपूर स्टॉक: सरकार बोली- घबराने या जमाखोरी की जरूरत नहीं

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई है। सरकार ने कहा कि राज्य में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को घबराने या अनावश्यक खरीदारी करने की जरूरत नहीं है। बढ़ती मांग के बीच प्रदेशभर में पेट्रोल-डीजल की निर्बाध आपूर्ति की जा रही है।
खाद्य विभाग के मुताबिक, वर्तमान में राज्य में 3 करोड़ 28 लाख 68 हजार लीटर पेट्रोल और 7 करोड़ 75 लाख 71 हजार लीटर डीजल उपलब्ध है। सभी ऑयल कंपनियों के साथ समीक्षा बैठक कर उन पेट्रोल पंपों पर प्राथमिकता से आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं, जहां स्टॉक कम होने की स्थिति बन रही है।
प्रदेश में कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हैं। अधिकारियों के अनुसार 13 और 14 मई को अचानक मांग बढ़ने से पेट्रोल की खरीद में 43 प्रतिशत और डीजल की खरीद में 22 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कृषि कार्यों के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में डीजल की मांग लगातार बढ़ रही है।
सरकार ने साफ किया है कि किसी भी प्रकार की ईंधन कमी की स्थिति नहीं है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों से प्रभावित होकर पैनिक बाइंग या जमाखोरी न करें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अधिकारियों ने बताया कि ऑयल कंपनियों के लखौली और मंदिरहसौद स्थित रायपुर डिपो के अलावा कोरबा के गोपालपुर डिपो से लगातार जिलों में पेट्रोल और डीजल भेजा जा रहा है। बढ़ी हुई मांग को देखते हुए रविवार की छुट्टी के दिन भी डिपो संचालित किए गए।
करीब 370 टैंकरों के जरिए अलग-अलग जिलों में ईंधन पहुंचाया गया। अधिकारियों के अनुसार सभी डिपो से प्रतिदिन दो शिफ्टों में जरूरत के मुताबिक पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की जा रही है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी तरह की परेशानी न हो।





