ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अमलीपदर की रथयात्रा आस्था और संस्कृति की अमूल्य धरोहर: सीएम साय

रायपुर। भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना, बिजली बिल समाधान योजना सितंबर तक बढ़ाने और बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा

गरियाबंद जिले के अमलीपदर में आयोजित ऐतिहासिक भगवान जगन्नाथ रथयात्रा महापर्व में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अमलीपदर की रथयात्रा छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और आस्था की अमूल्य धरोहर है। भगवान जगन्नाथ का संदेश सबको साथ लेकर चलने और लोककल्याण का है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि उपभोक्ताओं की सुविधा को देखते हुए जून से बढ़ाकर सितंबर 2026 तक कर दी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग इसका लाभ उठा सकें।

मुख्यमंत्री साय ने महतारी वंदन योजना को महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक पहल बताते हुए कहा कि प्रतिमाह बैंक खातों में सीधे राशि मिलने से माताओं और बहनों का आत्मविश्वास बढ़ा है और वे परिवार की आर्थिक मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है और अब तक 42 हजार से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को स्वीकार करते हुए बाल्टीजोर नाले पर पुल निर्माण की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद किया और उनके साथ सेल्फी भी खिंचवाई। रथयात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। भक्ति संगीत, धार्मिक अनुष्ठानों और जयघोषों के बीच पूरा अमलीपदर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आया।

Related Articles

Back to top button