हर परिवार तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना लक्ष्य: मुख्य सचिव विकासशील

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव विकासशील ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य हर परिवार तक सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जल जीवन मिशन (हर घर नल-जल) की प्रगति समीक्षा बैठक में उन्होंने सभी जिलों के कलेक्टरों को मिशन मोड में कार्य करते हुए समयबद्ध तरीके से योजनाएं पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि जल जीवन मिशन का उद्देश्य प्रत्येक घर तक नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। इससे महिलाओं का समय बचेगा, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कलेक्टरों से ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और हर महीने मिशन की प्रगति की समीक्षा करने को कहा।
बैठक में पूर्ण हो चुकी योजनाओं के भुगतान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए गए कि जिन परियोजनाओं का कार्य पूरा हो चुका है, उनका 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वहीं, जिन योजनाओं का कार्य अधूरा है, उन्हें 31 दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा गया।
मुख्य सचिव ने जिलों को जलस्रोतों का आकलन कर नए स्रोतों की पहचान, जल संरक्षण और रिचार्ज व्यवस्था विकसित करने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां मौजूदा स्रोतों से पेयजल उपलब्ध कराना संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक स्रोतों पर शीघ्र कार्य किया जाए। बैठक में सोलर आधारित नल-जल योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने जिला जल एवं स्वच्छता समितियों की नियमित बैठक, विभागीय पोर्टल पर समय पर जानकारी अपलोड करने और जल जीवन मिशन की सतत मॉनिटरिंग पर जोर दिया। बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, सभी जिलों के कलेक्टर और विभागीय अधिकारी शामिल हुए।





