रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए 175 करोड़ की परियोजना मंजूर, सीएम साय बोले- रेलवे अधोसंरचना को मिलेगी नई मजबूती

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में 250 इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के लिए अतिरिक्त होमिंग सुविधाओं के निर्माण हेतु 175 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है।
उन्होंने इसे छत्तीसगढ़ में रेलवे अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के नेतृत्व में प्रदेश में रेलवे नेटवर्क का तेजी से विस्तार हो रहा है।
केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत यह परियोजना रायपुर को आधुनिक रेल सुविधाओं से सशक्त बनाएगी और राज्य के परिवहन तंत्र को नई मजबूती देगी।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से रायपुर में इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के रखरखाव की क्षमता में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी।
इससे मालगाड़ियों और यात्री ट्रेनों का संचालन अधिक सुचारु, सुरक्षित और प्रभावी हो सकेगा। साथ ही भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए रेलवे अधोसंरचना को आधुनिक स्वरूप मिलेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, उद्योग और कृषि उत्पादन के लिहाज से देश का महत्वपूर्ण राज्य है।
ऐसे में मजबूत रेल नेटवर्क से उद्योगों, व्यापार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। इससे माल परिवहन की गति बढ़ेगी, लागत कम होगी और निवेश के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख रेल, औद्योगिक और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
साथ ही विकसित भारत-2047 के संकल्प के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण को भी नई गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में रेलवे सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विकास हो रहा है।
आने वाले समय में इसका लाभ उद्योगों के साथ-साथ आम नागरिकों और यात्रियों को भी मिलेगा।





