ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

माड़ीन नदी के बीच पेड़ पर फंसे ग्रामीण का रेस्क्यू, 9 परिवार भी सुरक्षित जगह शिफ्ट

बैल खोलने खेत गए थे 55 वर्षीय गोपी राम, अचानक बढ़ा नदी का जलस्तर तो आम के पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

रायपुर। नारायणपुर जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। ग्राम तारागांव में माड़ीन नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से बाढ़ के पानी के बीच फंसे 55 वर्षीय ग्रामीण को प्रशासन, पुलिस और नगर सेना की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। वहीं, ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में नदी किनारे खतरे की स्थिति को देखते हुए 9 परिवारों को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कराया गया है।

बैल खोलने गए, पेड़ पर चढ़कर बचाई जान

तारागांव निवासी गोपी राम पटेल नदी किनारे स्थित अपने खेत में बंधे बैल को खोलने गए थे। इसी दौरान नदी का पानी तेजी से बढ़ने लगा और वे चारों ओर से पानी से घिर गए। जान बचाने के लिए उन्होंने पास स्थित आम के पेड़ का सहारा लिया और घंटों वहीं फंसे रहे।

सूचना मिलने के बाद एसडीओपी छोटेडोंगर, जिला सेनानी नगर सेना के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी धौड़ाई के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच टीम ने सावधानी से गोपी राम को पेड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें धौड़ाई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने स्वास्थ्य की जांच की और भोजन उपलब्ध कराया।

खतरे को देखते हुए 9 परिवार किए शिफ्ट

ओरछा विकासखंड के ग्राम कलमानार में भी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले 9 परिवारों को सुरक्षित स्थानों और उनके रिश्तेदारों के घर शिफ्ट कराया। प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्र में लगातार निगरानी कर रही हैं।

कंट्रोल रूम नंबर जारी

जिला प्रशासन ने लोगों से उफनती नदियों-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है। आपात स्थिति या जलभराव की सूचना जिला कंट्रोल रूम 07781-252214 पर दी जा सकती है।

Related Articles

Back to top button