पप्पू यादव पर चप्पल से हमला करने वाले आरोपियों का स्वागत: जमानत पर छूटे तो BJP नेताओं ने बरसाए फूल, 7 किमी रोड शो निकाला

पटना। बिहार के सांसद पप्पू यादव पर चप्पल से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए बुलंदशहर के सुमित गिरी और हैप्पी शर्मा शुक्रवार को जमानत पर रिहा होकर घर पहुंचे। दोनों के पहुंचने पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। फूल बरसाए गए और ढोल-नगाड़ों के बीच दोनों को मालाएं पहनाई गईं। इसके बाद खुली जीप में करीब 7 किलोमीटर का रोड शो निकाला गया।
सुमित गिरी भाजपा के नगर मंत्री हैं, जबकि हैप्पी शर्मा मंडल महामंत्री हैं। दोनों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते हुए जिला मुख्यालय से नैथला गांव तक रोड शो किया। बारिश के दौरान भी कार्यकर्ता और समर्थक डांस करते नजर आए। परिवार के लोगों ने भी दोनों को गले लगाकर स्वागत किया।
2 अगस्त को हुआ था पप्पू यादव पर हमला
दरअसल, 31 जुलाई को पप्पू यादव ने संसद में साधु के वेश में चंदा चोरी का नाटक किया था। इसके बाद लखनऊ समेत कई शहरों में उनके खिलाफ विरोध प्रदर्शन हुए। एक हिंदूवादी नेता ने पप्पू यादव का सिर कलम करने वाले को 51 लाख रुपए का इनाम देने का ऐलान भी किया था।
इसी बीच 2 अगस्त को बुलंदशहर निवासी सुमित गिरी ने अपने साथी हैप्पी शर्मा के साथ पप्पू यादव पर हमला कर दिया था। इस दौरान पप्पू यादव ने सुमित को पकड़ लिया था, जबकि उनके समर्थकों ने हैप्पी की पिटाई कर दी थी। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
अखिलेश यादव ने BJP पर साधा निशाना
दोनों आरोपियों के स्वागत पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा में अपराधियों की बलिहारी है और दोषियों के स्वागत की परंपरा जारी है।
वहीं, सुमित और हैप्पी का आरोप है कि सनातन धर्म और भगवान श्रीराम को लेकर सवाल पूछने पर पप्पू यादव भड़क गए थे। उन्होंने पप्पू यादव और उनके समर्थकों पर हमला करने, सोने की चेन और घड़ी लूटने का आरोप लगाते हुए तिलकनगर थाने में शिकायत दी थी।





