ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मध्य-उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश का अलर्ट, बिजली गिरने की चेतावनी; 8 जुलाई से कम होगी बारिश की रफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई, जबकि मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण झारखंड और उससे लगे उत्तरी ओडिशा के अंदरूनी इलाकों में बने कम दबाव के क्षेत्र (लो प्रेशर सिस्टम) के कारण छत्तीसगढ़ में बारिश का दौर जारी है। यह सिस्टम अगले 24 घंटे में उत्तरी ओडिशा से आगे बढ़ते हुए उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर आने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है।

राजधानी रायपुर समेत आसपास के इलाकों में भी सोमवार रात बारिश हुई। कई जगहों पर बादल छाए रहे और मौसम ठंडा बना रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के कारण नदी-नालों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। बिजली चमकने के समय खुले स्थानों पर जाने से बचने और पेड़ों के नीचे खड़े नहीं होने की अपील की गई है। तेज हवा और आकाशीय बिजली के खतरे को देखते हुए सावधानी बरतने को कहा गया है।

हालांकि, मौसम विभाग के अनुसार 8 जुलाई से प्रदेश में बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने लगेगी। अगले कुछ दिनों में बारिश की तीव्रता कम होने की संभावना है, लेकिन कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है।

फिलहाल मानसूनी सिस्टम के सक्रिय रहने से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल रहा है। प्रशासन ने भी जलभराव वाले क्षेत्रों पर नजर रखने और जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।

Related Articles

Back to top button