BCCI से मंजूरी नहीं, फिर भी किया इस टी20 लीग का प्रचार… तिलक, सिराज और रायडू को कानूनी नोटिस

दिल्ली। भारतीय क्रिकेट और तेलंगाना क्रिकेट प्रशासन से जुड़ा एक बड़ा विवाद सामने आया है, जिसमें भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा, तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज और पूर्व क्रिकेटर अंबाती रायडू को कानूनी नोटिस भेजा गया है।
यह नोटिस तेलंगाना क्रिकेट एसोसिएशन (TCA) की ओर से जारी किया गया है, जिसमें आरोप लगाया गया है कि इन हस्तियों ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) द्वारा प्रस्तावित टीजी20 लीग के प्रचार में भाग लिया, जबकि इस लीग को अब तक BCCI की मंजूरी नहीं मिली है।
टीसीए का आरोप है कि हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन कुछ कॉर्पोरेट संस्थाओं के साथ मिलकर इस लीग का संचालन और प्रचार कर रहा है, जो कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की अनुमति के बिना किया जा रहा है।
ऐसे में इस लीग का प्रचार करना नियमों के खिलाफ माना जा सकता है। नोटिस में कहा गया है कि जिन खिलाड़ियों और फिल्मी हस्तियों ने इस लीग को प्रमोट किया है, वे ऐसी प्रतियोगिता को बढ़ावा दे रहे हैं जिसे आधिकारिक मान्यता प्राप्त नहीं है।
इस मामले में दक्षिण भारतीय फिल्म अभिनेता विजय देवरकोंडा और वेंकटेश का नाम भी सामने आया है। टीसीए ने सभी संबंधित लोगों से इस पूरे मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है और संकेत दिया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आगे कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
अब तक इस विवाद पर तिलक वर्मा, मोहम्मद सिराज, अंबाती रायडू या अन्य किसी भी हस्ती की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने भी इस मुद्दे पर सार्वजनिक बयान जारी नहीं किया है, जिससे स्थिति और अस्पष्ट बनी हुई है।
यह पूरा मामला तेलंगाना में क्रिकेट प्रशासन से जुड़े पुराने मतभेदों की पृष्ठभूमि में देखा जा रहा है, जहां विभिन्न संगठनों के बीच लंबे समय से अधिकार और मान्यता को लेकर टकराव चल रहा है।
इसी बीच मोहम्मद सिराज फिलहाल वर्कलोड मैनेजमेंट के तहत आराम पर हैं, जबकि तिलक वर्मा इस समय इंडिया ए टीम की कप्तानी कर रहे हैं और श्रीलंका में चल रही त्रिकोणीय सीरीज में टीम को फाइनल तक पहुंचा चुके हैं। अब सभी की नजर इस बात पर है कि नोटिस का क्या जवाब दिया जाता है और यह विवाद आगे किस दिशा में जाता है।





