StateNewsदेश - विदेश

IAS एकेडमी डायरेक्टर का अपहरण: भोपाल में 4 घंटे बंधक बनाकर 2 करोड़ वसूले, फ्रेंचाइजी संचालक निकला मास्टरमाइंड

भोपाल। भोपाल में एक सनसनीखेज अपहरण और फिरौती का मामला सामने आया है, जहां दिल्ली की IAS कोचिंग एकेडमी की डायरेक्टर शुभ्रा रंन को 9 बदमाशों ने अगवा कर लिया। आरोपियों ने उन्हें करीब 4 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और पिस्टल की नोक पर लगभग 1 करोड़ 89 लाख रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए।

पुलिस के अनुसार, इस पूरी वारदात का मास्टरमाइंड प्रियांक शर्मा है, जो उसी एकेडमी की फ्रेंचाइजी चलाता था। उसने डायरेक्टर को भोपाल में नई ब्रांच के लिए जगह दिखाने के बहाने बुलाया। डायरेक्टर शहर के एक होटल में ठहरी थीं, जहां से आरोपी उन्हें बागसेवनिया इलाके के एक फ्लैट में ले गया और बंधक बना लिया।

फ्लैट में आरोपियों ने उनकी कनपटी पर पिस्टल रखकर जान से मारने की धमकी दी और अलग-अलग खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। चौंकाने वाली बात यह रही कि शोर दबाने के लिए उसी दिन फ्लैट में सुंदरकांड का पाठ कराया गया, ताकि बाहर किसी को भनक न लगे।

वारदात के बाद प्रियंक शर्मा विदेश भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस के ICU से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथ 5 अन्य आरोपियों को भी पकड़ा गया है, जबकि 3 अभी फरार हैं।

पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले UPSC की तैयारी कर चुका था और डायरेक्टर की आर्थिक स्थिति से वाकिफ था, इसलिए उसने पूरी साजिश रची। फिलहाल पुलिस ने ट्रांसफर की गई रकम को संबंधित खातों में होल्ड करवा दिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Related Articles

Back to top button